Weather Alert: भारत के कई हिस्सों में फरवरी के पहले दिन से भी मौसम की दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है। देखा जाए तो कहीं कड़ाके की ठंड, तो कहीं दिन के समय तेज धूप होने से लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। ऐसे में मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्यों में जहां बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। वहीं, मैदानी इलाकों में ठंड, पाला और घने कोहरे से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने आज के मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान और चेतावनियां जारी की हैं।
घना कोहरा और कोल्ड डे की चेतावनी
IMD के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान मैदानी इलाकों में कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। उत्तर प्रदेश में 7 फरवरी तक कई इलाकों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश और बिहार में 6 फरवरी तक घना कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर-पूर्वी राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में 5 फरवरी तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। मेघालय में 7 फरवरी तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
इन राज्यों बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 6 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कहीं-कहीं से लेकर छिटपुट बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा 6 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 9 और 10 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में फिर से हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है।

उत्तराखंड में पाले की चेतावनी (Frost warning in Uttarakhand)
IMD के मुताबिक, उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 5 फरवरी को पाला पड़ने की संभावना जताई गई है। इससे फसलों को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 7 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि उत्तर प्रदेश में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
- मध्य भारत में अगले 48 घंटों के दौरान तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, इसके बाद कोई खास बदलाव नहीं होगा।
- पूर्वी भारत में अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।
- गुजरात में अगले 4 दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, जबकि इसके बाद 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
- महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 दिनों तक हल्की गिरावट संभव है।
- पूर्वोत्तर भारत में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सावधानी बरतें, खासकर पहाड़ी इलाकों और कोहरे वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है।






